
भोपाल। गौतम नगर थाना क्षेत्र के जेपी नगर में एक युवक के हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आ जाने से मौत हो गई. शनिवार को यह बड़ा हादसा उस वक्त हुआ, जब मृतक फ्लेक्स बोर्ड लगाने के लिए चढ़ा था. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में बिजली विभाग कार्यालय के सामने मृतक युवक फ्लेक्स बोर्ड लगाने के लिए पहुंचा था. मृतक लोहे के फ्रेम पर फ्लेक्स लगा रहा था, तभी फ्रेम हाई-टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और युवक को जोरदार करंट लग गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल पहुँचाया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
