
भोपाल। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने मौलाना मदनी के बयान पर शनिवार को पलटवार किया. विधायक ने अपने बयान में कहा है कि मौलाना महमूद मदनी औकात में रहकर बात करो. भारत के संविधान का तुम उल्लंघन कर रहे हो और सुप्रीम कोर्ट को जो चैलेंज दे रहे हो. इससे पहले मदनी ने अपने बयान में मुस्लिम समाज को लेकर कहा कि जब-जब जुल्म होगा, तब-तब जिहाद होगा. उन्होंने आरोप लगाए कि लव जिहाद, लैंड जिहाद, थूक जिहाद जैसे शब्द मुसलमानों को बदनाम करने के लिए गढ़े गए हैं. इस्लाम में जिहाद का मतलब अन्याय और ज़ुल्म के खिलाफ संघर्ष है. मदनी के जमीयत उलेमा-ए-हिंद की गवर्निंग बॉडी की बैठक में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंचे थे. मदनी के बयान के खिलाफ मंत्री विश्वास सारंग ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. सारंग ने कहा कि हिंदुस्तान की हवा-पानी में जीकर अगर कोई वंदे मातरम पर सवाल उठाता है, तो यह संवैधानिक व्यवस्था का अपमान है.
मदनी के बयान के खिलाफ विधायक शर्मा ने कहा कि तुम आतंकवादी पैदा करो, जिहादी पैदा करो, बलात्कारी पैदा करो, थूक जिहाद करो, लव जिहाद करो, लैंड जिहाद करो, हिंदुस्तान के खिलाफ आतंकवाद का समर्थन करो और ऐसा करने के बाद सुप्रीम कोर्ट से न्याय की उम्मीद भी करो. उन्होंने कहा कि आतंकवाद फैलाओगे, हिंदुस्तान में निर्दोषों की हत्या करोगे और सोचते हो सुप्रीम कोर्ट तुमको बैठकर बिरयानी खिलाएगी।नहीं सुप्रीम कोर्ट तुमको फांसी के फंदे पर लटकाएगी.
शर्मा ने कहा कि महमूद मदनी अपनी बदतमीजी को जरा हद में रखो, इस तरह के देश के अमन और शांति को भंग करने वाले मौलाना कान खोलकर सुन लो, अगर तुमने भारत के संविधान का उल्लंघन किया और न्यायपालिका पर सवाल खड़ा किया तो मैं न्यायपालिका से भी आग्रह करता हूँ कि इस तरह के देशद्रोहियों को स्वतः संज्ञान लेकर केस रजिस्टर्ड करके जेल में डालना चाहिए.
भाजपा विधायक ने कहा कि ये भारत के अंदर नए-नए जिन्ना पैदा हो रहे हैं, भारत में अलगाववाद पैदा करना चाहते हैं. भारत के मुसलमान को भड़काना चाहते हैं। उनसे देश में आग लगवाना चाहते हैं। ऐसे जिहाद को प्रोत्साहित कर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करना चाहते हैं.
