शहीद कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध, ज्ञापन सौंपकर मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने की मांग

ब्यावरा। विद्युत विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से नगर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य विगत दिवस से किया जा रहा है. शनिवार को शहीद कॉलोनी में जब स्मार्ट मीटर लगाने ठेकेदार कर्मचारी पहुंचे तो लोगों ने बिना उपभोक्ताओं की अनुमति के जोर जबर्दस्ती, मनमाने तरीके से स्मार्ट मीटर लगाने का आरोप लगाते हुए मीटर नहीं लगाने दिए. लोगों ने सिटी पुलिस थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपकर कहा कि उपभोक्ताओं के बगैर अनुमति के ठेकेदार के कर्मचारी स्मार्ट मीटर लगा रहे है. जिसे रोका जाये.

गौरतलब है कि स्मार्ट मीटर को लेकर प्रारंभ से ही विरोधाभाष की स्थिति बनी हुई है. कई जगहों पर स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध हुआ. स्मार्ट मीटर को लेकर यह बात सामने आती रही है कि स्मार्ट मीटर तेजी के साथ यूनिट बनाते है, इससे उपभोक्ताओं को भारी भरकम राशि के बिल आ रहे है, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा. साथ ही कहा जा रहा है कि विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर को लेकर किसी प्रकार की जानकारी उपभोक्ताओं को नहीं दी जा रही है. जब वर्तमान मीटर ठीकठाक काम कर रहे है तो फिर स्मार्ट मीटर लगाने की क्या आवश्यकता आन पड़ी है.

हंगामे के बाद रुका स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य

शनिवार को शहीद कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध होने की जानकारी लगने पर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. यहां स्मार्ट मीटर लगाने का व्यापक विरोध नजर आया. इसके बाद क्षेत्र में फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया गया.

थाने पहुंचकर आवेदन दिया

स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करते हुए लोग सिटी थाने पहुंचे तथा वहां थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा गया जिसमें कहा गया कि बिना उपभोक्ताओं की अनुमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे है. ठेकेदार द्वारा घर के बाहर लगे मीटरों को बदल दिया गया. इन मीटरों का कोई बिल बकाया नहीं है और यह मीटर सही से काम कर रहे है. ज्ञापन में ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है, कहा है कि कार्यवाही नहीं होने पर पीपल चौराहा पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा.

मीटर बदलने का आदेश नहीं दिखा पाये

विशेष बात यह है कि स्मार्ट मीटर लगाने के पूर्व न तो उपभोक्ताओं को इसके फायदे बताए जा रहे है और नहीं मीटर लगाने को लेकर कोई अनुमति ली जा रही है, ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर मीटर लगाने का कार्य कर रहे है, इसको लेकर भी लोगों में काफी आक्रोश है. उनका कहना है कि अच्छे भले चल रहे मीटर को बदला जा रहा है, मीटर बदलने के पूर्व घर मालिक से किसी प्रकार की अनुमति तक नहीं ली जा रही है. आज हंगामे के दौरान जब लोगों ने मीटर बदलने का सरकारी आदेश मांगा तो इस तरह का कोई आदेश नहीं दिखा सके.

जल्द कार्यशाला करेगा विभाग

इस संबंध में विद्युत विभाग प्रबंधन का कहना है कि विभाग द्वारा जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्यशाला आयोजित कर स्मार्ट मीटर के बारे में उपभोक्ताओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी. स्मार्ट मीटर के फायदे व इसके अन्य लाभ बताए जाएंगे. इससे उपभोक्ताओं को किस तरह के फायदे होंगे इसकी जानकारी से अवगत कराया जाएगा.

Next Post

हाइवे पर कार पंक्चर कर लूट नरसिंहगढ़-कुरावर मार्ग पर मध्य रात्रि को हुई वारदात

Sat Nov 29 , 2025
कुरावर। नरसिंहगढ़-कुरावर मार्ग पर तीज बडली के यहां मध्य रात्रि को कार सवार लोगों के साथ कुछ अज्ञात लोगों द्वारा कार को पंक्चर कर लूट की वारदात को अंजाम देने की घटना प्रकाश में आई है. शुक्रवार- शनिवार कीक मध्य रात्रि को करीब 3.45 बजे तीज बडली के समीप कार […]

You May Like