
बुधनी। अवैध शराब कारोबारियों द्वारा पुलिस की नजरों से बचने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं. शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मछवाई से ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घर में बनी पानी की टंकी में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध शराब को पुलिस ने बरामद किया है.
शाहगंज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मछवाई निवासी विपिन चौहान के घर की पानी की टंकी में अवैध शराब का भंडारण किया गया है. पुलिस ने दबिश देकर तलाशी ली. इस दौरान पानी की टंकी से 73 पेटी अंग्रेजी एवं देसी शराब, कुल 860 लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 73 हजार 390 रुपये है, जब्त की गई. पुलिस ने आरोपी विपिन चौहान पिता बारेलाल चौहान के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है.एसडीओपी रवि शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी. ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे.
