दुबई 15 दिसंबर (वार्ता) गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद विरन चामुदिता (62) और चमीका हीनातिगाला (नाबाद 51) की जुझारू पारियों के दम पर श्रीलंका ने सोमवार को अंडर-19 एशिया कप ग्रुप बी मुकाबले में अफगानिस्तान को चार गेंदे शेष रहते दो विकेट से हरा दिया।
आज यहां अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 235 रनों का स्कोर खड़ा किया। अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में खालिद अहमजई (नौ) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद उस्मान सादत और फैसल शिनोजदा की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों दूसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़े। 22वें ओवर में चमीका हीनातिगाला ने फैसल शिनोजदा (39) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे अंतराल पर अफगानिस्तान के विकेट गिरते रहे। उस्मान सादत ने 87 गेंदों में सर्वाधिक 52 रनों की पारी खेली। उज़ैरुल्लाह नियाजई (25) कप्तान महबूब खान (25), अज़िज़ुल्लाह मियाखिल (31), नूरीसतानी ओमरजई (29), अब्दुल अजीज (13) रन बनाकर आउट हुये। अफगानिस्तान का आखिरी विकेट 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर रूहुल्लाह अरब (दो) के रूप में गिरा। श्रीलंका के लिए सेतमिका सेनेविरत्ने और दुलनित सिगेरा ने तीन-तीन विकेट लिये। रसित निमसारा और चमीका हीनातिगाला को दो-दो विकेट मिले।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने 49.2 ओवर में आठ विकेट पर 238 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। श्रीलंका के लिए दिमांता महाविताना और विरन चामुदिता की सलामी जोड़ी पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े। 10वें ओवर में नूरीसतानी ओमरजई ने दिमांता महाविताना (27) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। के वितानापतिराना (चार), कविजा गमागे (34), विमत दिनसारा 15 रन बनाकर आउट हुये। विरन चामुदिता ने श्रीलंका के लिए 83 गेंदों में 62 रनों की पारी खेली। 41वें ओवर में श्रीलंका का छठा विकेट आधम हिल्मी (तीन) के रूप में गिरा। उस समय टीम का स्कोर 183 रन था। ऐसे संकट के समय दुलनित सिगेरा ने चमीका हीनातिगाला के साथ पारी को संभाला। 47वें ओवर में सलाम खान ने दुलनित सिगेरा 20 गेंदों में (23) रन का शिकार कर लिया। अगले ही ओवर में फैसल शिनोजादा ने सेतमिका सेनेविरत्ने (एक) को रनआउट कर एक बार फिर श्रीलंका को मुश्किल में डाल दिया। रसित निमसारा ने 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़ा। इसके बाद आखिरी ओवर की पहली गेंद पर चमीका हीनातिगाला छक्का और अगली गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा कर अपनी टीम को दो विकेट से जीत दिला दी। चमीका हीनातिगाला ने 57 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 51 रनों की मैच विजयी पारी खेली। रसित निमसारा छह रन बनाकर नाबाद रहे।
अफगानिस्तान के लिए नूरीसतानी ओमरजई ने तीन विकेट लिये। वाहिदउल्लाह जदरान, सलाम खान, रूहुल्लाह अरब और उजैरुल्लाह नियाजई ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
