ब्यावरा। नगर में लायंस क्लब के द्वारा विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया जिसमें 3150 मरीज आये. मरीजों की जांच के बाद लगभग 300 मरीज गंभीर बीमारियों से ग्रसित पाए जाने पर उन्हें ऑपरेशन हेतु भोपाल भेजा गया.
70 मरीजों को गुरुवार को ही ऑपरेशन के लिए भोपाल रवाना कर दिया गया जबकि शेष मरीजों को शुक्रवार को भोपाल भेजा गया.
लायंस क्लब ब्यावरा द्वारा वल्लभा परिसर में नि:शुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन रखा गया. शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का नि:शुल्क परीक्षण किया और आवश्यक दवाइयां वितरित की.
लायंस क्लब की पहल को सराहा
शिविर का शुभारंभ राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी और नपाध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ. अतिथियों के द्वारा लायंस क्लब के इस सामाजिक कार्य की सराहना की गई.
250 से अधिक चिकित्सक आये
शिविर में 250 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दी. इनमें हृदय रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, बाल रोग, स्त्री रोग, छाती एवं श्वास रोग, नाक-कान-गला रोग, कैंसर, डायबिटीज और फेफड़ों की कार्य क्षमता जांच के विशेषज्ञ शामिल रहे. आधुनिक उपकरणों के द्वारा डिजिटल एक्सरे, सोनोग्राफी, ईको, ईसीजी, ब्लड शुगर टेस्ट और फेफड़े परीक्षण जैसी अनेक जांचे नि:शुल्क की गई. ऑपरेशन के लिए ले जाये मरीजों के लिए नि:शुल्क आवास, भोजन, जांच, दवाइयां और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
लायंस क्लब के पदाधिकारियों के अनुसार स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है जो महंगी चिकित्सा का खर्च वहन नहीं कर सकते. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया गया. साथ ही लायंस क्लब द्वारा भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन करने का संकल्प लिया है.
