अपर ककेटो बांध के गेट खोले, पार्वती नदी में उफान, कई गांवों में एलर्ट

ग्वालियर/शिवपुरी/दतिया/श्योपुर। ग्वालियर चंबल अंचल में हो रही जबरदस्त बारिश के चलते अपर ककेटो बांध के गेट खोलना पड़े हैं। वर्तमान जलस्तर एवं मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को दृष्टिगत रखते हुए आज रविवार दोपहर बांध के गेट खोल कर लगभग 231.66 क्यूमेक पानी छोड़ा गया। यदि बाँध के जल संग्रहण क्षेत्र मे बारिश होने के कारण जल आवक दर में वृद्धि होती है तो अतिरिक्त गेट खोल कर पानी की निकासी बढ़ाई जा सकती है। उक्त पानी ककेटो बांध के वेस्ट वियर से ओवर फ्लो हो कर पार्वती नदी के द्वारा हरसी बाँध पहुंचा है।

प्रशासन ने ककेटो गांव, दीवान फार्म, प्रीतम फार्म एवं ठेर टीकला गांव जिला ग्वालियर एवं सुल्तानगढ़, नरवानी गांव, खांदी एवं भवेड गांव जिला शिवपुरी के ग्रामीणों को एलर्ट किया है कि नदी के आसपास क्षेत्र से दूर रहे एवं अन्य नागरिकों को भी सूचित करें।

*तिघरा भी लबालब, आज रात खुल सकते है गेट*

ग्वालियर की लाइफलाइन तिघरा जलाशय भी लबालब हो गया है। बांध का वर्तमान जलस्तर 737.7 फीट पर पहुंच गया है। तिघरा बांध की क्षमता 740 फीट है। बांध पुराना होने के कारण इसे सुरक्षा की दृष्टि से 739 फीट तक ही भरा जाता है। इससे ज्यादा पानी होने पर फिर गेट खोलकर अतिरिक्त पानी निकाला जाता है। तिघरा बांध को पूरा भरने में लगभग डेढ़ फीट पानी की ओर दरकार है। पानी की आवक और मौसम विभाग की तेज बारिश की संभावना के चलते तिघरा के आज रात तक पूरा भरने की संभावना है। इसके बाद तड़के तक गेट खुल सकते है। हालांकि अभी कुछ दिन पहले तक तिघरा पानी के लिये संघर्ष कर रहा था। लेकिन अच्छी बारिश और अपर ककेटो से ककेटो व पेहसारी से पानी लगातार तिघरा में शिफ्ट करने से तिघरा बांध अब लबालब हो गया है। वहीं अब तिघरा के गेट भी कभी भी खुल सकते है। तिघरा के लबालब होने की खबर व सुहावना मौसम होने से रविवार को बड़ी संख्या में सैलानी तिघरा पहुंचे।

 *सड़क पर खड़ी कार अचानक गड्ढे में समा गई*

ग्वालियर में सागरताल बहोड़ापुर रोड पर सड़क पर खड़ी कार अचानक गड्ढे में समा गई, क्रेन की मदद से कार गड्ढे में से निकाली गई। बताया जाता है कि बारिश के दौरान उक्त गड्ढा सीवर लाइन के लिए खोदा गया जिसमें पानी भर गया था।

*धूमेश्वर गए युवकों की टोली में से एक युवक नदी में डूबा*

ग्वालियर से धूमेश्वर मंदिर घूमने गए युवकों की टोली में से एक युवक नदी में डूब गया है। लापता युवक ग्वालियर के मुरार क्षेत्र का बताया जा रहा है। युवक की पहचान मुकेश जाटव के रूप में हुई है। नहाते समय वह पानी के बहाव में डूब गया। भितरवार थाना पुलिस मौके पर उसे नदी से निकालने में गोताखोरों की टीम के सहयोग से जुटी हुई है।

*रपटा पार करते समय तेज बहाव में बह गया युवक, एसडीआरएफ ने बरामद किया शव*

शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के सिकरवदा गांव में 21 वर्षीय युवक रपटा पार करते समय तेज पानी के बहाव में बह गया। युवक की पहचान राम पुत्र राजू रावत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राम रपटा पार कर रहा था, इसी दौरान पानी का बहाव तेज होने से वह संतुलन खो बैठा और बह गया। आज रविवार सुबह दो दिन बाद गहलोनी के पास युवक का शव बरामद किया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।

*श्योपुर में आवदा डैम ओवरफ्लो, क्वारी नदी उफान पर, विजयपुर-टेटरा मार्ग बंद किया*

श्योपुर का आवदा डैम अपनी 45 फीट की भराव क्षमता के बाद ओवरफ्लो हो गया है। डैम से पानी बहने के कारण आसपास के इलाकों को खतरा हो गया है।

श्योपुर तहसील के अलावा कराहल, विजयपुर और वीरपुर में भारी बारिश हो रही है। प्रशासन ने नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी संवेदनशील जगहों पर तैनात की गई हैं।

*क्वारी नदी के बढ़ते जलस्तर से विजयपुर-टेटरा मार्ग बंद*

विजयपुर में बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। यहां क्वारी नदी उफान पर है और खतरे के निशान तक पहुंच गई है। नदी पर बना पुल डूब जाने से विजयपुर-टेटरा मार्ग बंद हो गया है। प्रशासन ने पुल पर आवाजाही रोक दी है। मार्ग बंद होने से दोनों तरफ के लोगों को परेशानी हो रही है। हालातों को देखते हुए सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

*शहर में लगातार बारिश से सड़कों पर भरा पानी*

ग्वालियर शहर में आज सुबह से बारिश का दौर जारी है। कभी तेज तो कभी रुक-रुककर हुई रिमझिम बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है। उमस व गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। आज शाम तक शहर में करीब 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आज रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। सुबह 8.30 बजे तक 6.4 मिमी बारिश हुई थी, जो सुबह 11.30 बजे तक बढ़कर 35 मिमी हो गई। वातावरण में नमी भी काफी अधिक रही।

 *दतिया में राहत : सिंध और पहूज नदी का जलस्तर तेजी से घटा*

सिंध और पहूज नदी का जलस्तर अब तेजी से घट रहा है, जिससे आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा कम हो गया है। इन दोनों नदियों के किनारे रहने वाले लोग अब वापस घरों को लौटने लगे हैं। दतिया जिले का तापमान आज 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मौसम में आए सुधार को दर्शाता है। जलस्तर कम होने से शाहपुर रपटा (कॉजवे) के भी जल्द ही खुलने की उम्मीद है, जिससे बाधित मार्ग फिर से चालू हो सकेंगे।

Next Post

पटवारी ने युवाओं को दिया "छात्रों की गूंज" का न्यौता

Sun Sep 6 , 2026
ग्वालियर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज ग्वालियर प्रवास के दौरान स्टेशन के बाहर युवाओं को संबोधित करते हुए आगामी 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित हो रहे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों के हितों […]

You May Like