
ग्वालियर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज ग्वालियर प्रवास के दौरान स्टेशन के बाहर युवाओं को संबोधित करते हुए आगामी 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित हो रहे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों के हितों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसलिए अधिकाधिक संख्या में इस राष्ट्रीय महत्व के आयोजन में ग्वालियर चंबल के युवाओं की भागीदारी हो।
उन्होंने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने सरकार से कार्यक्रम के लिए इंदौर का नेहरू स्टेडियम देने की उम्मीद की थी, लेकिन नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी से डरती है और उसे राहुल गांधी के नाम का फोबिया हो गया है। इसी कारण नियम-कायदे और कानून का हवाला देकर नेहरू स्टेडियम देने से इनकार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौर में अब अन्य वैकल्पिक स्थानों के लिए प्रशासन से चर्चा की जा रही है।
शाम को जीतू पटवारी ने उपनगर ग्वालियर में मनोरंजनालय के सामने कांग्रेस नेता राजेन्द्र सिंह तोमर के निवास मधुवन पर स्थानीय कांग्रेस, युकां, भाराछास के पदाधिकारियों की बैठक लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में इंदौर में आयोजित हो रहे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में स्थानीय भागीदारी पर मंत्रणा की।
