इंदौर: शहर में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत तिलक नगर पुलिस ने रात दो स्मैक तस्करों को दबोचा. आरोपियों के पास से 15.84 ग्राम स्मैक और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 84 हजार रुपए आंकी गई है.
थाना प्रभारी टीआई मनीष लोधा की टीम स्कीम नंबर 140 स्थित सांची पॉइंट पर वाहन चेकिंग कर रही थी.
इस दौरान बिना नंबर की काली हीरो स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए. पुलिस को देखकर दोनों घबराकर भागने लगे, लेकिन उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया. तलाशी के दौरान पीछे बैठे युवक की पैंट की जेब से एक पारदर्शी पन्नी में पाउडरनुमा पदार्थ मिला, जिसकी जांच में वह स्मैक ब्राउन शुगर निकला.
21 वर्षीय रोहन पिता राजू सरकार निवासी पिपलियाहाना तालाब की पाल तथा 21 वर्षीय आकाश पिता अशोक पाल निवासी पिपलियाहाना तालाब की पाल दोनों आरोपी स्मैक को फुटकर में अधिक दाम पर बेचकर मुनाफा कमाते थे. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वे यह मादक पदार्थ कहां से लाते थे और किस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं. पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया है.
