मुंबई, 23 अक्टूबर (वार्ता) भारत में पुरुषों के पेशेवर गोल्फ टूर्नामेंटों को आधिकारिक मान्यता प्रदान करने वाली संस्था डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) और एस्सार समूह की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) शाखा एस्सार फाउंडेशन ने आज ‘श्री शशि रुइया मेमोरियल गोल्फ चैंपियनशिप’ के शुभारंभ की घोषणा की। यह भारत के पेशेवर गोल्फ कैलेंडर में शामिल होने वाला एक नया वार्षिक टूर्नामेंट होगा।
यह चैंपियनशिप स्वर्गीय श्री शशि रुइया की विरासत को समर्पित है, जिन्होंने श्री रवि रुइया के साथ एस्सार समूह की स्थापना की थी। एक प्रतिष्ठित उद्योगपति और उद्यमी के रूप में श्री शशि रुइया ने एस्सार को बुनियादी ढाँचे पर केंद्रित उद्यम से ऊर्जा, बुनियादी ढाँचा, धातु एवं खनन, प्रौद्योगिकी और खुदरा क्षेत्रों में सक्रिय वैश्विक निवेश समूह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी विरासत उद्यमिता, संस्थान निर्माण, औद्योगिक विकास और परोपकार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई और एस्सार फाउंडेशन के बीच पाँच वर्षीय साझेदारी के तहत ‘श्री शशि रुइया मेमोरियल गोल्फ चैंपियनशिप’ वर्ष 2031 तक प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी। पहला संस्करण 12-15 जनवरी, 2027, को मुंबई के विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब में होगा, जिसमें देशभर के अग्रणी पेशेवर गोल्फर भाग लेंगे। टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 2 करोड़ रुपये होगी। प्रो-एम आयोजन 10 जनवरी, 2027, को होगा। डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) के अध्यक्ष कपिल देव ने कहा: “श्री शशि रुइया मेमोरियल गोल्फ चैंपियनशिप का शुभारंभ भारतीय पेशेवर गोल्फ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई को एस्सार समूह के साथ मिलकर ऐसी चैंपियनशिप स्थापित करने पर गर्व है, जो उसके सह-संस्थापकों श्री रवि रुइया और स्वर्गीय श्री शशि रुइया की दूरदृष्टि तथा व्यापार और उद्योग में उनके स्थायी योगदान को सम्मान देती है।
भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई का आयोजन विश्वस्तरीय पेशेवर गोल्फ को अधिक व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुँचाने, एक प्रमुख महानगर में इस खेल की उपस्थिति मजबूत करने और भारतीय गोल्फ प्रतिभाओं को अधिक पहचान दिलाने का उत्साहजनक अवसर है। हम श्री शशि रुइया की विरासत को सम्मान देते हुए और भारत में पेशेवर गोल्फ के निरंतर विकास में योगदान करते हुए इस चैंपियनशिप को भारतीय गोल्फ कैलेंडर के एक प्रतिष्ठित आयोजन के रूप में स्थापित करने के लिए तत्पर हैं।” एस्सार समूह के ग्रुप चीफ एग्जीक्यूटिव प्रशांत रुइया ने कहा: “मेरे पिता को गोल्फ से बेहद लगाव था। गोल्फ खेलते हुए बिताए पल उन्हें बहुत खुशी देते थे और इसी दौरान वे अनेक लोगों से जुड़ते थे। मुझे उनके साथ गोल्फ कोर्स जाना और उनकी दिलचस्प कहानियाँ सुनना आज भी याद है। इस चैंपियनशिप के माध्यम से उनकी स्मृति को सम्मान देना हमारे लिए अपार खुशी का विषय है। हमें आशा है कि यह आयोजन उनकी खेल भावना को आगे बढ़ाएगा और अधिक लोगों को गोल्फ से जोड़ेगा।”

