
सिंगरौली । बिजली उत्पादन के नाम पर पर्यावरण से खिलवाड़ का आरोप एक बार फिर सामने आया है। एनटीपीसी विंध्याचल के ऐश पाइप लाइन फटने से निकलने वाला राखड़युक्त प्रदूषित पानी सड़कों पर फैलने से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
सड़क पर जमा राखड़ का पानी और राखड़ औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। औद्योगिक गतिविधियों के कारण पहले से प्रदूषण की मार झेल रहे सिंगरौली में अब एनटीपीसी के ऐश पाइप लाइन फटने से करीब 300 मीटर दूरी तक राखड़युक्त पानी के सड़क पर फैलने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर दिखाई देने वाला काला पानी सामान्य बारिश का पानी नहीं, बल्कि एनटीपीसी विंध्याचल से निकलने वाला राखड़ मिश्रित प्रदूषित पानी है। इसके सड़क पर फैलने से आवागमन के साथ आसपास के पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। सड़क पर जमा राखड़ और गंदे पानी के कारण राहगीरों तथा वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
ऑटो एवं कार वाहनों के धस जा रहे हैं पहिए
आलम यह है कि राखड़ पाइप के लिकेज से सड़क में इस तरह पानी मलवा बाहर आया है कि मोटरसाइकिल चालक जहां फिसलते नजर आएं, वहीं ऑटो वाहन एवं कार के पहिए भी मलवे में धस जाने से जाम जैसे हालात बन रहे थे। आज दोपहर के बाद से इस तरह के नजारे को देख हर कोई एनटीपीसी प्रबंधन को कोसते नजर आए। यहां तक कि बाईक सवार अपने जूता-चप्पल को उतार कर किसी तरह सड़क को पार कर रहे थे। यहां बताते चले कि इस जुआड़ी-जयनगर मार्ग से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
प्रदूषण अमला पर तरह-तरह के सवाल
स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर राखड़युक्त पानी सड़क तक कैसे पहुंच रहा है और इसे रोकने के लिए जिम्मेदार प्रबंधन ने क्या व्यवस्था की है? क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। जरूरत है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर पानी के नमूनों की जांच कराएं, प्रदूषण के स्रोत का पता लगाएं और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करें। औद्योगिक विकास के नाम पर आम नागरिकों को प्रदूषण और असुरक्षित आवागमन की कीमत नहीं चुकानी चाहिए।
इनका कहना:-
विंध्याचल परियोजना की ऐश राखड़ पाइप लिकेज हो गई। जानकारी मिलते ही मरम्मत कार्य करा दिया गया है।
शंकर सुब्रमणियम
उप प्रबन्धक(नैगम संचार)
एनटीपीसी विंध्यनगर
