नयी दिल्ली, 04 जुलाई (वार्ता) टाटा पावर कंपनी लिमिटेड (टाटा पावर) की सहायक कंपनी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 416 प्रतिशत की वृद्धि के साथ रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए 45,589 रूफटॉप सौर ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना की। देश की एक नंबर कंपनी होने का दावा करने वाली टीपीआरईएल ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
पिछले साल कंपनी ने इसी अवधि में 8,838 रुफटॉप सौर इंस्टॉलेशन लगाये थे। इस तरह कंपनी ने इस काम में साल-दर-साल 416 प्रतिशत की वृद्धि के साथ चमत्कारिक प्रदर्शन किया है।
वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के अंत तक टीपीआरईएल ने देश भर में कुल 2,04,443 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन स्थापित किये थे, जिसकी कुल मिलाकर स्थापित क्षमता 3400 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन से अधिक बतायी गयी है।
टीपीआरईएल 400 से अधिक शहरों में फैले 604 चैनल भागीदारों के एक मजबूत नेटवर्क के माध्यम से काम कर रही है। इसके साथ उसने 560 शहरों में 240 अधिकृत सेवा भागीदारों को जोड़ा है।
