
सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी द्वारा जिले के पुलिस बल के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस लाइन सीधी स्थित सभागार में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक द्वारा मां वीणा वादिनी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव द्वारा पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए प्रथम बैच के लिए 06 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महाआयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक तकनीक से सुसज्जित बनाना है। प्रशिक्षण में पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण हेतु पहली बार वर्चुअल रियलिटी , आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन सर्विलांस एवं फेशियल रिकग्निशन जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा एवं बेहतर समन्वय के लिए “पुलिस ड्यूटी पोर्टल” एवं “साइबर वॉरियर्स पोर्टल” के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना की अध्यक्षता में उज्जैन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सिंहस्थ-2028 की सुरक्षा, साइबर प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर व्यापक समीक्षा एवं प्रस्तुतीकरण किया गया था।
सिंहस्थ भारत की आस्था, संस्कृति एवं वैश्विक पहचान का प्रतीक -एसपी
इस दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने अपने उद्बोधन में वर्ष 2004 में सिंहस्थ ड्यूटी के दौरान प्राप्त अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सिंहस्थ केवल पुलिस व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि भारत की आस्था, संस्कृति एवं वैश्विक पहचान का प्रतीक है। इसे सुरक्षित, व्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए आधुनिक तकनीक, प्रभावी प्रशिक्षण एवं बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने निर्देशित किया कि पुलिस बल पूरी तैयारी, संवेदनशीलता एवं प्रोफेशनल दृष्टिकोण के साथ कार्य करे, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध हो सके तथा मध्यप्रदेश पुलिस उत्कृष्ट प्रबंधन का नया मानक स्थापित करे।
सिंहस्थ मेले की भौगोलिक परिस्थितियों की जानकारी-
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव द्वारा अपने उद्बोधन में उज्जैन में आयोजित सिंहस्थ मेले की भौगोलिक परिस्थितियों एवं वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुजीत कड़वे, उप निरीक्षक तरुण बेड़िया, टीओटी प्रशिक्षक सउनि रजनीश बघेल एवं सउनि संतोष साकेत सहित सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे। टीओटी प्रशिक्षक रजनीश बघेल एवं संतोष साकेत द्वारा उज्जैन में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षण प्राप्त किया गया है, जिनके माध्यम से जिले के पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे सिंहस्थ-2028 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, साइबर समन्वय एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग हेतु सीधी पुलिस पूरी तरह तैयार रह सके। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में कुल 30 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। आगामी दिनों में भी निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार जिले के समस्त पुलिस बल को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
