मुम्बई जीता, पंजाब की लगातार पांचवी हार

धर्मशाला, (वार्ता) तिलक वर्मा (नाबाद 75) और रायन रिकलटन (48) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुम्बई इंडियंस ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को एक गेंदे शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। यह टूर्नामेंट में पंजाब की लगातार पांचवीं हार है।

मुम्बई इंडियंस के लिए रायन रिकलटन ने 23 गेंद पर 48 रन बनाकर टीम को बेहतरीन शुरूआत दिलाई। हालांकि इसके बाद पंजाब ने जल्दी-जल्दी तीन विकेट लेकर मैच में वापसी कर ली थी लेकिन उनके और जीत के बीच तिलक वर्मा आ गए। तिलक ने 33 गेंद पर नाबाद 75 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। तिलक ने अपनी पारी में छह चौके और छह छक्के लगाये। विल जैक्स ने भी 10 गेंद पर नाबाद 25 रनों का योगदान दिया। जैक्स ने दो चौके ओर दो छक्के लगाये। इस हार से पंजाब की मुश्किले बढ़ गई और अब उसे प्लेऑफ में जाने के लिए अपने दोनों मैच लगातार जीतने होंगे।

201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायन रिकलटन और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़कर मुम्बई इंडियंस को अच्छी शुरुआत दिलाई। सातवें ओवर में अजमउत्लाह ओमरजई ने रायन रिकलटन को आउट कर पंजाब किंग्स को पहली सफलता दिलाई। रिकलटन ने 23 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए 48 रन बनाये। नौवें ओवर में मार्को यानसन ने (नौ) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। 10वें ओवर में यजुवेंद्र चहल ने रोहित शर्मा को आउट कर मुम्बई को तीसरा झटका दिया। रोहित शर्मा ने 26 गेंदों में दो छक्के लगाते हुए (25) रन बनाये। इसके बाद शरफेन रदरफोर्ड और तिलक वर्मा की जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 61 रन जोड़कर मुम्बई की मैच जीतने की उम्मीद को बनाये रखा। 19वें ओवर में ओमरजई ने रदरफोर्ड को आउट किया। रदरफोर्ड ने 21 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए (20) रन बनाये। मुम्बई इंडियंस ने 19.5 ओवर में चार विकेट पर 205 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया।

पंजाब किंग्स के लिए मार्को यानसन ने 4 ओवर में 55 रन दे दिए और जेवियर बार्टलेट ने 3.5 ओवर में ही 53 रन दे दिए।

इससे पहले आज यहां प्रभसिमरन सिंह (57), अजमउल्लाह ओमरजई (38), प्रियांश आर्य (22), जेवियर बार्टलेट (नाबाद 18) और विष्णु विनोद (नाबाद 15) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने मुम्बई इंडियंस के खिलाफ आठ विकेट पर 200 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। मुम्बई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य और प्रभसिरमन सिंह की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़। छठें ओवर में दीपक चाहर ने प्रियांश आर्य 17 गेंदों में (22) रन को बोल्ड कर पंजाब को पहला झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कूपर कॉनली ने प्रभसिमरन के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी की। 12वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। प्रभसिमरन सिंह ने 32 गेंदों में छह चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 57 रनों की पारी खेली। इसी ओवर में शार्दुल ठाकुर ने कप्तान श्रेयस अय्यर (चार ) को बोल्ड कर पंजाब को तीसरा झटका दिया।

इसके बाद पंजाब का कोई भी बल्लेबाज मुम्बई के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सका। कूपर कॉनली (21) को राज बावा ने बोल्ड आउट किया। सूर्यांश शेडगे (आठ) और शशांक सिंह (दो) रन बनाकर जल्द ही पवेलियन लौट गये। 18वें ओवर में दीपक चाहर ने तेजी के साथ रन बना रहे अजमतउल्लाह ओमरजई को आउट कर पंजाब के बड़े स्कोर करने की मंशा पर विराम लगाया। ओमरजई ने 17 गेंदों में दो चौके और चार छक्के लगाते हुए 38 रनों की पारी खेली। पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 200 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जेवियर बार्टलेट ने सात गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 18 रन बनाये। वहीं विष्णु विनोद ने आठ गेंदों में एक चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 15 रनों की पारी खेली।

मुम्बई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकर ने चार विकेट लिये। दीपक चाहर को दो विकेट मिले। राज बावा और कार्बिन बॉश ने एक -एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

देश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडारण: अफवाहों से दूर रहें- विष्णुदेव साय

Fri May 15 , 2026
रायपुर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता न करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में […]

You May Like