भोपाल, 14 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में महर्षि पाणिनी संस्कृत विश्वविद्यालय रीवा कैंपस के अधोसंरचना विकास कार्यों की वृहद समीक्षा की।
श्री शुक्ल ने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय रीवा को एक प्रभावी शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यह संस्थान सांस्कृतिक सशक्तिकरण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने एमपी बीडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रस्ताव पर तेज गति से कार्यवाही की जाये। बैठक में ईएनसी एमपीबीडीसी अनिल श्रीवास्तव और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संस्कृत विश्वविद्यालय, रीवा कैंपस में 45 करोड़ रुपये से अधिक लागत के अधोसंरचना विकास कार्य किए जाएंगे। इसमें 8 करोड़ रुपये की लागत से 600 छात्र क्षमता वाला अकादमिक ब्लॉक, 4 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से प्रशासनिक भवन, 6 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से 100 सीटर बॉयज़ हॉस्टल और 50 सीटर गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण शामिल है।
