
० सीएमओ की कार्यप्रणाली से नगर परिषद चुरहट अध्यक्ष एवं कर्मचारियों में असंतोष के मामले को नवभारत ने प्रमुखता से उठाया
नवभारत न्यूज
सीधी/चुरहट 14 फरवरी। अंतत: विवादों में घिरे नगर परिषद चुरहट सीएमओ का स्थानांतरण हो गया। सीएमओ की कार्यप्रणाली से नगर परिषद चुरहट अध्यक्ष एवं कर्मचारियों में असंतोष के मामले को नवभारत ने प्रमुखता से उठाया था।
मध्यप्रदेश शासन नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपसचिव प्रमोद कुमार शुक्ला द्वारा प्रदेश के 4 सीएमओ का स्थानांतरण आदेश जारी किया है। जारी आदेश में नगर परिषद चुरहट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद मिश्रा का स्थानांतरण नगर पालिक निगम जबलपुर के सहायक आयुक्त के लिये किया गया है। यह खबर मिलते ही नगर परिषद चुरहट के अमले ने राहत की सांस ली। बताते चलें कि नगर परिषद चुरहट के सीएमओ आनंद मिश्रा की विवादित कार्यशैली के चलते इन पर गंभीर आरोप लगते रहे हैं। इनकी शिकायत कलेक्टर एवं एसडीएम चुरहट के यहां भी लिखित रूप से की गयी थी फिर भी उनकी कार्यशैली में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा था। उनके द्वारा न तो नागरिकों की समस्याएं सुनी जाती थीं और न ही उनका निराकरण कराने की जरूरत समझी जाती थी। यह दीगर बात थी कि उनकी दिलचस्पी केवल निर्माण कार्यों तक ही दिखती थी। नगर परिषद के कर्मचारियों को भी इनके द्वारा काफी परेशान किया जाता रहा है। कर्मचारियों के लिये हर काम में नियम बनाये जाते थे किन्तु वह किसी नियम को नहीं मानते थे। इसी वजह से इनकी शिकायत पूर्व में कर्मचारियों द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों से भी की गई थी।
कुछ कर्मचारियों का कहना था कि सीएमओ द्वारा ऐसा व्यवहार किया जाता था जैसे वह उनके निजी नौकर हों। उनकी बात में भी तानाशाही झलकती थी। कोई भी कर्मचारी इनकी कार्यशैली से संतुष्ट नहीं था। कर्मचारियों को अकारण परेशान करना उनकी आदत में शुमार था। सीएमओ के चुरहट में प्रभार लेते ही उनके विरूद्ध असंतोष की लहर दिखाई देने लगी थी। यह जरूर है कि बाद में नगर परिषद के कर्मचारियों के विरोध में लामबंद होने एवं वरिष्ठ अधिकारियों के यहां शिकायत करने के बाद उनकी तानाशाही में कुछ अंकुश लगा था। सीएमओ की स्वेच्छाचारिता यह थी कि उनके द्वारा मोबाइल में सेव नंबर के अलावा अननोन नंबर की कॉल रिसीव नहीं की जाती थी। कार्यालय में वह कब बैठेंगे, इसको लेकर पूरी तरह से अनिश्चितता रहती थी।
००
सामंजस्य बना किया जायेगा कार्य: रामावतार
नगर परिषद चुरहट के लिए विजयराघवगढ़ से स्थानांतरित मुख्य नगरपालिका अधिकारी रामावतार पटेल ने नवभारत से चर्चा करते हुए कहा कि अभी जहां पदस्थ हैं वहां से मुक्त नही हुये हैं। संभावना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर नगर परिषद चुरहट में पदभार ग्रहण कर सकते हैं। श्री पटेल ने कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि नगर परिषद चुरहट के जनप्रतिनिधियों के साथ सामंजस्य बना कर नगर के विकास कार्य किये जायेंगे।
०००००००००००
