मुंबई, 20 मई (वार्ता) अभिनेत्री अंजना सुखानी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में काम करती नजर आएंगी। इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा हाल के समय की सबसे चर्चित रोमांटिक ड्रामा फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में वेदांग रैना, दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह और शरवरी के साथ अंजना सुखानी भी एक अहम भूमिका में नजर आएंगी। हाल ही में हुए ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अंजना ने फिल्म का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जाहिर की और इम्तियाज अली का धन्यवाद किया कि उन्होंने उन्हें ‘मेहर’ के किरदार के लिए चुना।
अंजना सुखानी ने कहा, “इन सभी बड़े नामों के साथ जुड़ना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और खुशी की बात है। खास तौर पर मुकेश का धन्यवाद, जिन्होंने मुझे इस फिल्म के लिए चुना और भरोसा किया कि मैं यह किरदार निभा सकती हूं। इम्तियाज सर का भी शुक्रिया, जिन्होंने मुझे मेहर के रूप में देखा। मैं हमेशा इसके लिए शुक्रगुजार रहूंगी।” इस फिल्म में इम्तियाज अली, एआर रहमान और इरशाद कामिल की तिकड़ी फिर साथ आई है, जिन्होंने इससे पहले अमर सिंह चमकीला, तमाशा और रॉकस्टार जैसी फिल्मों में साथ काम किया था।
इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित मैं वापस आऊंगा 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

