इंदौर: आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ महज़ 2 साल की मासूम बच्ची की दूसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई. खेलते-खेलते बालकनी तक पहुँची बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जा गिरी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.मृतिका का नाम पायल पिता मोहन पिपलोदे(2) निवासी आलोक नगर है.बताया जा रहा है कि बीती शाम घर पर पायल की मां रीना ने उसे तैयार किया था.
इसके बाद मां किसी काम से बाथरूम में चली गई. इसी बीच पायल खेलते हुए बालकनी की ओर निकल गई. बालकनी की रेलिंग करीब दो फीट ऊँची थी, जिससे पायल नीचे झांकने की कोशिश करने लगी.झांकने के दौरान मासूम पायल का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी मंजिल से सीधे नीचे फर्श पर जा गिरी. गिरने की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और लहूलुहान हालत में बच्ची को तुरंत एमवाय अस्पताल पहुँचाया गया.
डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.परिजनों ने बताया कि परिवार मूल रूप से सतवास के पास करखेड़ा गांव का रहने वाला है. पायल के पिता मोहन को इंदौर की एक निजी कंपनी में नौकरी मिली थी, जिसके बाद करीब 8 दिन पहले ही यह परिवार इंदौर शिफ्ट हुआ था.पायल ने पिछले महीने 5 मार्च को ही अपना दूसरा जन्मदिन मनाया था. उसकी 9 साल की बड़ी बहन और 5 साल का भाई है जो गांव में दादा-दादी के पास रहते हैं.
