
नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुरा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना रामपुरा पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 किलो 460 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद किया है। इस तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशानुसार की गई, जिन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों की धरपकड़ और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उक्त निर्देश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एन.एस. सिसोदिया और एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामपुरा निरीक्षक विजय सागरिया और उनकी टीम द्वारा यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
घटना 16 अक्टूबर 2025 की रात की है, जब रामपुरा थाना पुलिस नियमित गश्त और वाहन चेकिंग पर थी। इसी दौरान मनासा की ओर से तेज गति से आ रही एक बोलेरो पिकअप वाहन ने पुलिस को देखकर अपना वाहन मोडकऱ भागने का प्रयास किया। पुलिस की तत्परता से वाहन को रोक लिया गया। वाहन में बैठे व्यक्तियों ने अपना नाम विक्रमलाल पिता राजाराम गायरी, उम्र 31 वर्ष, निवासी बादपुर थाना नारायणगढ़ जिला मंदसौर और कारु पिता प्रभुलाल गायरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी सरवानिया थाना नारायणगढ़ जिला मंदसौर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर छिपाकर रखे गए 3.460 किलो अफीम बरामद हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय सागरिया और थाना रामपुरा की पुलिस टीम की भूमिका उल्लेखनीय रही, जिन्होंने सतर्कता और मुस्तैदी से इस मादक पदार्थ तस्करी को नाकाम किया।
