नयी दिल्ली 13 जून (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसांख्यिकीय बदलावों का अध्ययन करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति को सीमावर्ती जिलों में जनसांख्यिकीय परिवर्तनों का अध्ययन करने का निर्देश दिया है ।
श्री शाह ने शनिवार को यहां एक बैठक में समिति को यह निर्देश दिया। उन्होंने समिति को स्थिति का आकलन करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों, महानगरों और औद्योगिक नगरों का दौरा करने का भी निर्देश दिया।
गृह मंत्रालय ने अवैध प्रवासन और अन्य असामान्य कारणों से देश में हो रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तनों का अध्ययन करने के लिए एक ‘उच्च-स्तरीय समिति’ का गठन किया है। इस समिति का उद्देश्य धार्मिक तथा सामाजिक समुदायों के स्तर पर जनसंख्या बदलाव के पैटर्न का विश्लेषण कर राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को संबोधित करते हुए इस समिति की घोषणा की थी। वहीं, गृह मंत्रालय ने पिछले महीने ही इसके सदस्यों की घोषणा की थी।
इस समिति में जनगणना आयुक्त के साथ-साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्रा, भारतीय पुलिस सेवा ( आईपीएस) के पूर्व अधिकारी बालाजी श्रीवास्तव और अर्थशास्त्री डॉ. शमिका रवि शामिल हैं।
