थाईलैंड : बाढ़ के कारण बैंकॉक के सभी जिले आपदा क्षेत्र घोषित

बैंकॉक, 26 सितंबर (वार्ता) थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के सभी 50 जिलों को भारी बारिश और बाढ़ के बीच आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। भारी बारिश के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बैंकॉक पोस्ट के अनुसार, पूर्वी बैंकॉक के इलाके सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। आपदा क्षेत्र घोषित किए जाने से बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन एडमिनिस्ट्रेशन (बीएमए), अन्य सरकारी एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन को प्रभावित इलाकों में तेज और समन्वित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी है कि पहले से ही गंभीर स्तर पर पहुंच चुके नहरों के जलस्तर में और वृद्धि होने की आशंका है।मौसम विभाग ने बताया कि निचले मध्य मैदानी क्षेत्र, बैंकॉक और आसपास के प्रांतों के ऊपर बने मजबूत निम्न दबाव तंत्र तथा अंडमान सागर, दक्षिणी क्षेत्र और थाईलैंड की खाड़ी के ऊपर दक्षिण-पश्चिमी मानसून के मजबूत होने के कारण मौसम में अस्थिरता बनी हुई है। विभाग ने शनिवार को चेतावनी दी कि रविवार तक देशभर में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

बैंकॉक प्राधिकरण ने कहा कि यदि आगे बारिश नहीं होती है तो जलभराव की स्थिति छह घंटे के भीतर सुधर सकती है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता से संचालित किया जा रहा है। इस बीच, कुछ इलाकों के निवासियों ने बाढ़ की स्थिति और बिगड़ने की आशंका के बीच आवश्यक वस्तुओं को एकत्र करना शुरू कर दिया है, जिससे कुछ स्थानों पर खरीदारी को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति देखी गई।

.....

Next Post

कन्या विद्यालय मार्ग गड्ढों में तब्दील

Sat Sep 26 , 2026
सिंगरौली । ब्लॉक मुख्यालय देवसर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक पहुंचना इन दिनों आसान नही है। आलम यह है कि करीब 300 मीटर लम्बी सड़क कीचड़ एवं गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। दरअसल ब्लॉक मुख्यालय देवसर के गली-मोहल्लों की अधिकांश सड़के रख-रखाव के अभाव में खस्ता हो […]

You May Like