इंदौर:लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के तहत अब टिकट बुकिंग काउंटर को पुराने भवन से हटाकर नए स्टेशन भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है. इसके साथ ही यात्रियों को अब टिकट लेने और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए सीधे नए भवन का उपयोग करना होगा.रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म और अतिरिक्त रेल लाइन के निर्माण की तैयारी की जा रही है. इसी वजह से पुराने स्टेशन भवन को चरणबद्ध तरीके से खाली कराया जा रहा है. इससे पहले 12 जून 2026 को ट्रेन संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं भी नए भवन में शिफ्ट कर दी गई थीं.
नए भवन में टिकट काउंटर शुरू होने के बाद यात्रियों को अब बेहतर और व्यवस्थित सुविधा मिल रही है. हालांकि, निर्माण कार्य अभी जारी है और पूरी परियोजना के पूरा होने तक स्टेशन परिसर में बदलाव का काम चलता रहेगा.रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुनर्विकास पूरा होने के बाद लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन आधुनिक सुविधाओं, नए प्लेटफॉर्म और बेहतर यात्री व्यवस्था के साथ एक नए स्वरूप में नजर आएगा.
