निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की मौत 

छतरपुर। जिले के राजनगर क्षेत्र के अंतर्गत पाय स्टेशन के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर बीती रात बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 8 बजे एक बाइक गहरे गड्ढे में गिर गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

मृतक की पहचान हरेंद्र अनुरागी निवासी गढ़ी मल्हार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार हरेंद्र अपने साथी के साथ सफेद रंग की अपाची बाइक से गढ़ी मलहरा से खजुराहो में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि निर्माण स्थल पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। रात के अंधेरे में बाइक सवारों को सामने बना गहरा गड्ढा दिखाई नहीं दिया और वे सीधे उसमें गिर पड़े।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ओवरब्रिज निर्माण में ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण पहले भी छोटे हादसे हो चुके हैं।

वहीं निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी के साइड इंजीनियरों का कहना है कि स्थल पर गड्ढा नहीं बल्कि रैंप बना हुआ है और संभवतः तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना हुई। घटना के बाद मौके पर बैरिकेडिंग करा दी गई है।

Next Post

खामेनेई की सेहत पर वैश्विक अटकलें, गुप्त ऑपरेशन में मॉस्को ले जाए जाने का दावा

Sun Mar 15 , 2026
तेहरान। ईरान-अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के प्रभावशाली धर्मगुरु मोजतबा खामेनेई की सेहत और ठिकाने को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अटकलों का दौर तेज हो गया है। कुवैत के अखबार की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों के चलते […]

You May Like