भोपाल। मानसून की पहली बारिश के साथ ही शाहपुरा का मोर वन एक बार फिर प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। हल्की बारिश के बाद यहां बड़ी संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर अपने रंग-बिरंगे पंख फैलाकर मनमोहक नृत्य करते नजर आ रहे हैं। इस खूबसूरत नज़ारे को देखने के लिए हर सुबह मॉर्निंग वॉकर्स और प्रकृति प्रेमियों की भीड़ मोर वन पहुंच रही है।
खास बात यह है कि यहां के मोर नियमित रूप से आने वाले लोगों और उनके पालतू कुत्तों से परिचित हो चुके हैं। यही वजह है कि वे बिना डरे खुले में घूमते, अठखेलियां करते और बारिश का आनंद लेते दिखाई देते हैं। बारिश के मौसम में मोरों का यह प्राकृतिक नृत्य मोर वन की सुंदरता को और भी खास बना रहा है। यदि आप प्रकृति और वन्यजीवों के करीब रहना पसंद करते हैं, तो इन दिनों शाहपुरा का मोर वन आपके लिए एक बेहतरीन जगह साबित हो सकता है।
आशीष कुर्ल की रिपोर्ट
