
दमोह। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार दमोह पुलिस का विशेष वाहन चेकिंग अभियान जारी पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.),अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा वाहनों पर लगाए गए अनाधिकृत उपकरणों व चिन्हों के विरुद्ध दमोह पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों व प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच कर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा वाहनों की सघन जांच करते हुए विशेष रूप से निजी वाहनों में लगाए गए अनाधिकृत हूटर व सायरन, निजी वाहनों पर लाल, पीली व नीली फ्लैश लाइट (बत्ती) के अनधिकृत उपयोग, वीआईपी व Government सहित अन्य सरकारी स्टीकरों के अनाधिकृत प्रयोग, वाहनों के शीशों पर नियमों के विपरीत ब्लैक फिल्म अथवा अन्य अमानक फिल्म लगाए जाने, बिना HSRP अथवा गलत, परिवर्तित व अमानक नंबर प्लेट का उपयोग करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्यवाही की गई। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, अनाधिकृत उपकरणों एवं चिन्हों का उपयोग न करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की समझाइश भी दी गई।पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित इस विशेष वाहन चेकिंग अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस दमोह द्वारा आज कुल 26 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए 13,200 रूपये का समन शुल्क वसूल किया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, मानक नंबर प्लेट का उपयोग करने, अनाधिकृत हूटर व स्टीकर हटाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विशेषाधिकार प्राप्त वाहनों को छोड़कर किसी भी निजी वाहन पर हूटर, फ्लैश लाइट, VIP अथवा अन्य भ्रामक पहचान चिन्हों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा ऐसा पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।
