
ग्वालियर:पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। सोमवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार तक लगातार जारी रहा, जिससे पूरे शहर में मौसम सुहावना हो गया है। दिनभर की उमस के बाद सोमवार रात बादलों ने जमकर मेहरबानी बरसाई और झमाझम सावन का अहसास कराया।
दिन में हुई खंडवर्षा, इलाकों में दिखा अलग-अलग असर
मंगलवार को दिन के समय शहर के सिटी सेंटर, माधव नगर और लश्कर के कुछ प्रमुख इलाकों में तेज बौछारें गिरीं। हालांकि, उपनगर ग्वालियर और मुरार में यह असर ज्यादा दिखा और वहां लगातार बारिश होती रही बही कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी ही होकर रह गई। मौसम विभाग के अनुसार, लगभग पौन घंटे तक शहर के कुछ हिस्सों में तेज बौछारें गिरने के बावजूद थाटीपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र में केवल 2.6 मिमी वर्षा दर्ज की। क्योंकि बारिश का यह दौर खंडवर्षा के रूप में सीमित रहा।
रात भर झमाझम सावन, सुबह तक जारी रहा दौर
दिन के मुकाबले रात का मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। देर रात तक बादलों की लुकाछिपी के बीच झमाझम वर्षा का दौर शुरू हुआ, जो थमने का नाम नहीं लिया। लगातार हुई इस बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई है और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम बेहद खुशनुमा हो गया है।
