
मंदसौर। पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देने वाले ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत शनिवार को गरोठ क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा स्थित श्री दूधाखेड़ी माताजी प्रांगण में उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष पवन पाटीदार के आह्वान तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष नंदू कुमावत के मार्गदर्शन में किया गया।
मुख्य अतिथि गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संगम है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण देने का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में खड़ावदा मंडल अध्यक्ष सीताराम चारण, पूर्व जनपद अध्यक्ष भगवान सिंह चंद्रावत, डॉ. दयाल रावत, श्याम धाकड़, अमर सिंह, किरण जोशी, डॉ. मुकेश मीणा, गोपाल गरासिया, रामलाल सेन सहित भाजपा एवं ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
