सतना: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने आज बरदाडीह संजीवनी क्लीनिक का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित आयुष्मान कार्ड निर्माण विशेष शिविर एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।नगर निगम क्षेत्र में संचालित आयुष्मान कार्ड निर्माण विशेष अभियान के अंतर्गत आज अभियान का 13वां दिन रहा। इसी क्रम में बरदाडीह संजीवनी क्लीनिक में आज से तीन दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया, जो आगामी तीन दिनों तक संचालित रहेगा। शिविर में पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान क्लीनिक परिसर में स्वच्छता एवं रख-रखाव अपेक्षित स्तर का नहीं पाए जाने पर सीएमएचओ ने क्लीनिक प्रभारी डॉ. राजेश तिवारी को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा परिसर की समस्त व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं मरीज हितैषी वातावरण बनाए रखना आवश्यक है, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सहज स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने शिविर में आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की तथा पात्र हितग्राहियों का अधिक से अधिक पंजीयन एवं कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान आशुतोष पायासी सहित स्वास्थ्य विभाग का अन्य अमला उपस्थित रहा।
