पलवल, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के विभिन्न गांवों के श्रद्धालु राजस्थान में खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन करने के बाद वृंदावन जा रहे थे। मंगलवार सुबह जैसे ही उनकी पिकअप गाड़ी पलवल सीमा में केएमपी एक्सप्रेसवे पर पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जोरदार जा टकराई।
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 15 घायलों का इलाज जारी है।
चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
भीषण सड़क हादसे के बाद ट्रक चालक और पिकअप चालक दोनों अपने वाहनों सहित मौके से फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी है।

