
नयी दिल्ली,10 सितम्बर (वार्ता) भारत यात्रा पर आये शिया इस्माइली मुस्लिम समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और इस दौरान स्वास्थ्य सेवा, कृषि, ग्रामीण विकास, युवाओं तथा महिलाओं के सशक्तीकरण सहित प्रमुख क्षेत्रों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। श्री मोदी ने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा ,” प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर प्रसन्नता हुई। उनके पिता, दिवंगत आगा खान चतुर्थ, और विकास प्रयासों में उनके स्थायी योगदान को स्नेहपूर्वक याद किया।
स्वास्थ्य सेवा, कृषि, ग्रामीण विकास, युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण के क्षेत्र में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ हमारी साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।” प्रिंस रहीम की यह भारत की पहली यात्रा है और वह उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर आये हैं। उन्होंने पिछले वर्ष अपने पिता के उत्तराधिकारी के रूप में शिया इस्माइली मुस्लिम समुदाय के 50वें वंशानुगत इमाम का पद संभाला और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के अध्यक्ष बने। यात्रा के दौरान उनके राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, श्री राधाकृष्णन, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, वह अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद की यात्रा भी करेंगे।
आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क लंबे समय से भारत में सक्रिय है।भारत में इसने वर्ष 1905 में गुजरात में एक आगा खान स्कूल की स्थापना के साथ अपने कार्यों की शुरूआत की। आज इसके कार्यक्रमों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खाद्य सुरक्षा, आवास, आजीविका और आर्थिक विकास सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। आगा खान फाउंडेशन ने कहा कि 2025 तक उसके क्रियाकलापों के माध्यम से 49 लाख लोगों तक पहुंच बनाई गई, जबकि उसकी पहलों ने 24 लाख महिलाओं को सहायता प्रदान की और 22 लाख बच्चों को प्रारंभिक बाल विकास सेवाएं उपलब्ध कराईं।
नेटवर्क का ग्रामीण विकास कार्य भी महत्वपूर्ण है। आगा खान ग्रामीण सहायता कार्यक्रम (भारत) गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में काम करता है और कृषि, जलवायु लचीलापन, आजीविका, ग्रामीण शासन, स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान केंद्रित करता है, जिसमें महिलाओं का सशक्तीकरण उसके हस्तक्षेपों का एक मुख्य हिस्सा है। श्री मोदी और प्रिंस रहीम आगा खान पंचम के बीच हुई बैठक से नेटवर्क के साथ भारत के जुड़ाव को नई गति मिलने की उम्मीद है, विशेष रूप से उन विकास कार्यक्रमों में जिनका उद्देश्य आजीविका में सुधार करना, स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच बढ़ाना तथा महिलाओं और युवाओं के लिए अवसरों को मजबूत करना है।
