
भोपाल। भीषण गर्मी के मौसम में एक कामकाजी व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पिपलानी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने शव का पीएम कराने के लिए भेजा. मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान राजू यादव (55) निवासी गौतम नगर के रूप में हुई है. राजू मजदूरी करते थे और इंद्रपुरी में एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे. सोमवार को दोपहर के समय राजू ,चाय पीने एक दुकान पर गए. वहां राजू यादव ने जैसे ही पानी पिया और वह जमीन पर गिर गए. मौजूद लोगों ने तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया. डाक्टरों ने जांच करते हुए राजू को मृत घोषित कर दिया. हमीदिया अस्पताल की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. आशंका जताई जा रही है कि राजू की मौत लू लगने से हुई है. हालांक यह भी कयास लगाया जा रहा है कि राजू हार्ट अटैक आया है.
सोमवार को राजधानी में ढाई दशक बाद पारा 43.4 डिग्री पर पहुंचा था. मौसम विभाग ने नौतपा में यह सातवां अधिक तापमान रिकॉर्ड किया. राजधानी में लू को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है. इसी बीच पिपलानी थाना क्षेत्र में व्यक्ति राजू की मौत का मामला सामने आया.
