अनूपपुर: ऑटो ने बाइक की आमन-सामने की टक्कर,दोनों चालक गंभीर घायल

अनूपपुर,नवभारत। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार दोपहर कोतवाली पुलिस थाना अनूपपुर से लगभग 5 किलोमीटर दूर मानपुर तिराहा के पास ऑटो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार और ऑटो चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। ऑटो में सवार चार यात्री बाल-बाल बच गए।

ऑटो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में घायलों में ऑटो चालक 51 वर्षीय चुन्नू गुप्ता निवासी फुनगा और बाइक चालक 25 वर्षीय लोचन रौतेल निवासी उमनिया, राजेंद्रग्राम को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए सीटी स्कैन कराने के बाद आगे रेफर करने का निर्णय लिया जाएगा। बताया गया है कि बाइक चालक लोचन रौतेल नशे की हालत में था।

घायल ऑटो चालक चुन्नू गुप्ता ने बताया कि दोपहर में फुनगा से चार सवारियों को लेकर अनूपपुर बस स्टैंड आ रहा था। मानपुर गांव तिराहा के पास पहुंचते ही अनूपपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक चालक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

वहीं, घायल बाइक चालक लोचन रौतेल ने बताया कि वह सुबह उमनिया गांव से अपनी पत्नी और बच्चों को निगवानी गांव लाने जा रहा था, तभी ऑटो से उसकी बाइक टकरा गई। उसके परिजनों ने बताया कि वह राजेंद्रग्राम जाने की बात कहकर घर से निकला था। कोतवाली पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच कर रही है।

Next Post

बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए पोलियो की दो बूंद जरूरी- जिला पंचायत सीईओ

Sun Jun 28 , 2026
अनूपपुर,नवभारत। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को अनूपपुर के वार्ड नंबर 2 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पोलियो […]

You May Like