
छतरपुर। जिले में एक बार फिर ठंड ने अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। अचानक गिरे तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और लोगों को सर्दी से बचाव के अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार रात जिले का न्यूनतम तापमान गिरकर 6.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसे रविवार सुबह 8:30 बजे रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले शनिवार को न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आसमान पूरी तरह साफ हो चुका है, जिससे आने वाले दो दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। ठंडी हवाओं के चलते रात और सुबह के समय सिहरन ज्यादा महसूस की जा रही है।
रविवार सुबह जिले में आसमान साफ और खुला नजर आया। दिन में तेज धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन सुबह और शाम की ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
इसके साथ ही नमी का स्तर भी काफी अधिक दर्ज किया गया। रविवार को आर्द्रता 88 प्रतिशत रही, जिससे ठंड का अहसास और ज्यादा बढ़ गया। सुबह के समय विजिबिलिटी 1000 मीटर रही, जिसके कारण हल्की धुंध भी देखने को मिली।
बढ़ती ठंड को देखते हुए कामकाजी लोग दिन में भी अंगीठी और अलाव जलाकर काम करते नजर आए। वहीं, पशु-पक्षी भी अलाव के आसपास बैठकर ठंड से बचाव करते दिखाई दिए। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और विशेष रूप से बुजुर्गों व बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
