मोदी ने शुभांशु शुक्ला को सफल मिशन के बाद सकुशल लौटने पर बधाई दी

नयी दिल्ली 15 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले देश के पहले अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को एक्सिओम-4 मिशन की सफलता के बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ मंगलवार को सकुशल धरती पर लौटने पर बधाई दी और उनका स्वागत किया।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा,“ मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूँ, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अपने समर्पण, साहस और भावनाओं से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन – गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।”

उल्लेखनीय है कि स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतरिक्ष यान भारतीय समय के अनुसार अपराह्न तीन बजे के करीब समुद्र में उतरा। ग्रुप कैप्टन शुक्ला और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिन बिताये। इस दौरान उन्होंने कई वैज्ञानिक अनुसंधानों को अंजाम दिया। चारों अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर यान भारतीय समय के अनुसार सोमवार दोपहर बाद चार बजकर 35 मिनट पर अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना हुआ था।

Next Post

मोदी, आरएसएस पर अशोभनीय व्यंग्यचित्र बनाने के आरोपी को माफी मांगने के बाद मिली अंतरिम राहत

Tue Jul 15 , 2025
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ अशोभनीय व्यंग्यचित्र बनाने के आरोपी हेमंत मालवीय के माफी मांगने के बाद मंगलवार को अंतरिम राहत दी। न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की पीठ ने इंदौर निवासी […]

You May Like