
अनूपपुर,नवभारत। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को अनूपपुर के वार्ड नंबर 2 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है तथा अभियान के दौरान एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशानुसार जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु व्यापक तैयारियां की गई हैं। अभियान के दौरान शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए नियमित टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान में सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यह सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है और प्रत्येक परिवार का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में कुल 991 बूथों पर 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। अभियान के अंतर्गत जिले के 1 लाख 12 हजार 498 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाएगा, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाए हैं।
अभियान की प्रभावी मॉनीटरिंग के लिए जिला स्तर के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों को विभिन्न विकासखण्डों में आंतरिक पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण कर वैक्सीन वितरण एवं टीकाकरण कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे। साथ ही प्रत्येक शाम आयोजित सेक्टर स्तरीय समीक्षा बैठकों में भाग लेकर जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे तथा अपनी प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.सी.राय, मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी अनूपपुर डॉ. डी.आर. श्याम, जिला लेप्रोसी सलाहकार डॉ. शिवेंद्र द्विवेदी, सीडीपीओ संजीता भगत, जिला वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर धनेश बेलिया, आरआईडीएम जय कुमार कहार, खंड कार्यक्रम प्रबंधक नेहा मिश्रा, आर.डी. बुनकर सहित स्वास्थ्य विभाग का समस्त अमला उपस्थित रहा।
