
अनूपपुर,नवभारत। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में यातायात का भारी दबाव आए दिन होने वाले सड़क हादसों और शहर के भीतर लगने वाले लंबे जाम से स्थाई मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने शहर के चारों ओर 17 किलोमीटर लंबा रिंग रोड (फोर-लेन) की कार्ययोजना तैयार की थी। वर्ष 2023-2024 में तत्कालीन कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने 197.50 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित की थी परंतु 2 वर्ष बाद भी इस पर विभागीय प्रक्रिया अधर में है। प्रशासन द्वारा इस डीपीआर को स्वीकृति के लिए आगे बढ़ाया जा रहा है, फिर भी जिलेवासियों को रिंग रोड के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। ज्ञात हो कि वर्ष 2023 में राज्य सरकार ने अनूपपुर जिला सहित 5 अन्य जिलों में रिंग रोड निर्माण के लिए 625 करोड़ रुपये की लागत का अंदाजा लगया था। इसके अलावा चार हजार करोड़ रुपये की लागत से मुख्य जिला मार्गों का उन्नयन और 60 करोड़ रुपये की लागत से 98 पुलों का निर्माण किया जाएगा। इसमें अनूपपुर में 8.2 किलोमीटर की सड़क के लिए 30 करोड बताई थी।
दुर्घटनाओं को रोकने की थी योजना
वर्तमान में अनूपपुर शहर से होकर अनूपपुर-जैतहरी, अनूपपुर-वेंकटनगर, अनूपपुर-चचाई और अनूपपुर-जैतपुर मार्ग गुजरते हैं। अनूपपुर के समीप स्थित चचाई थर्मल पावर स्टेशन (हिंदुस्तान विद्युत उत्पादन कंपनी – मोजर बेयर जैतहरी) और एसईसीएल की खुली व भूमिगत खदानों से निकलने वाली फ्लाई ऐश तथा कोयले का परिवहन भारी वाहनों (हाइवा और ट्रकों) के माध्यम से इसी मार्ग से होता है। सुरक्षा के लिहाज से शहर के भीतर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित (नो-एंट्री) रहता है। इसके कारण शहर के बाहरी हिस्सों और सड़कों के किनारे सैकड़ों भारी वाहन खड़े रहते हैं जिससे लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस गंभीर समस्या के स्थाई समाधान के लिए इस बायपास/रिंग रोड का निर्माण अत्यंत आवश्यक हैं।
नवीन मार्ग बेहद आधुनिक होगा
नदियों और रेलवे लाइनों को पार करने के लिए विशेष पुलों का निर्माण किया जाएगा। रेलवे ओवर ब्रिज कटनी-बिलासपुर रेलवे लाइन को क्रॉस करने के लिए 100 मीटर लंबा ओवरब्रिज बनाया जाएगा। सोन नदी पर वृहद पुलः सोन नदी पर 220 मीटर लंबा एक बड़ा पुल बनाया जाएगा। तिपन और चंदास नदी पर पुलः तिपन नदी पर 100 मीटर लंबा मध्यम पुल और चंदास नदी पर 80 मीटर का पुल निर्मित होगा। इसके अलावा दो अन्य मध्यम पुल भी बनाए जाएंगे।
कहां तक गुजरेगी सड़क
प्रस्तावित रिंग रोड अनूपपुर-जैतहरी मुख्य जिला मार्ग से शुरू होकर ग्राम कुशमहाई पिपरिया से अनूपपुर-दर्रीखेरवा मार्ग, कटनी-बिलासपुर रेलवे लाइन और अनूपपुर-चचाई मार्ग को क्रॉस करते हुए ग्राम करहीबाह (परसवार) और पोड़ी होते हुए एनएच-43 कटनी-गुमला चांडिल मार्ग के किलोमीटर 179 पर जाकर मिलेगा। प्रस्तावित बायपास की 2 किलोमीटर लंबा वन भूमि से होकर गुजरेगी।
बजट का पूरा लेखा-जोखा कुल लागतः 197.50 करोड़
फोर-लेन सड़क निर्माण (15.90 किमी) 79.50 करोड़
रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण 68.00 करोड़
2 मध्यम पुलों का निर्माण 9.00 करोड़
सोन नदी पर वृहद पुल निर्माण 14.00 करोड़
निजी भूमि का भू-अर्जन (मुआवजा) 25.00 करोड़
वन भूमि (फॉरेस्ट लैंड) प्रतिपूर्ति 2.00 करोड़
जनता को होगा फायदा
इस रिंग रोड के निर्माण से चचाई थर्मल पावर स्टेशन, अनूपपुर थर्मल एनर्जी, टोरेंट पावर (न्यू जोन), हिन्दुस्तान पॉवर (मोजर बेयर) और एसईसीएल कोयला खदानों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शहर के बाहर से ही सीधा रास्ता मिल जाएगा। इससे शहर के भीतर का यातायात सुगम और सुरक्षित होगा, प्रदूषण घटेगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
