
जबलपुर। डोल ग्यारस के अवसर पर श्री नृसिंह मंदिर सिद्धघाट, कुलोन शहपुरा में भव्य विमानोत्सव हुआ। प्राचीन परंपरा के अनुसार भगवान श्रीहरि विष्णु और भगवान नरसिंह के विग्रह को फूल, तुलसी दल और केले के पत्तों से सजे विमान में विराजमान कर हजारों श्रद्धालुओं ने कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराया। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने आरती उतारकर स्वागत किया। इसके बाद भगवान को सिद्धघाट स्थित मां नर्मदा में जल विहार कराया गया। विमानोत्सव के पूर्व श्रीमद् जगद्गुरु नृसिंह पीठाधीश्वर पूज्य डॉ. स्वामी नृसिंहदेवाचार्य महाराज सहित संतों ने षोडशोपचार पूजन, सहस्रार्चन और अभिषेक किया। विमान यात्रा में आसपास के शहपुरा, कुलोन, छरपट, बरबटी, भिटौनी, पाटन, भेड़ाघाट, ज्याप, जमुनिया, छैड़ी-बरोदा और हीरापुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बैंड-बाजे, धमाल, हरिनाम संकीर्तन और नाट्य मंडली की प्रस्तुतियों से यात्रा भक्तिमय रही। आयोजन में आचार्य दीपनारायण शास्त्री, विधायक नीरज सिंह, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन गुड्डा, मोनू टहनगुरिया, सुभाष सिंह, अखिलेश नामदेव, नंदू पटेल, मुकेश पटेल, रामसिंह, भरत गौतम, बालमुकुंद सिंह, अंजू भार्गव, राममूर्ति मिश्रा, ओंकार सिंह, विध्येश भापकर, डॉ. संदीप मिश्रा, राजेंद्र यादव, मनोज पटेल और राघवेंद्र सहित श्री नृसिंह मंदिर सिद्धघाट भक्त परिवार एवं हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह से सहभागिता की।
