इंदौर हनीट्रैप पार्ट-2: भोपाल की डेयरी दुकान से मिले ब्लैकमेलिंग के सबूत, करोड़ों की उगाही का भंडाफोड़

इंदौर:हाई-प्रोफाइल हनीट्रैप पार्ट-2 मामले में क्राइम ब्रांच को बड़ा ब्रेक मिला है. भोपाल की एक डेयरी दुकान से ब्लैकमेलिंग के पुख्ता सबूत मिलने के बाद गैंग की पूरी साजिश, तरीका और नेटवर्क सामने आ गया है. एडिटेड फोटो और सीक्रेट दस्तावेजों के जरिए करोड़ों की उगाही का खेल चल रहा था.क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि मास्टरमाइंड श्वेता जैन ने भोपाल स्थित अपनी डेयरी दुकान को ही ब्लैकमेलिंग का सेफ ठिकाना बना रखा था. टीम ने दबिश देकर यहां से कारोबारी हितेंद्रसिंह उर्फ चिंटू ठाकुर से जुड़े कई एडिटेड फोटो, डिजिटल सामग्री और एक अहम एग्रीमेंट (अनुबंध) बरामद किया है.

जांच में खुलासा हुआ है कि गैंग पहले टारगेट को फंसाता था, फिर उसकी फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक बनाया जाता था. इसके बाद उन्हें वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूली जाती थी. इसी पैटर्न पर कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपए की डिमांड की गई थी. पुलिस के मुताबिक यह पूरा गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था. हर सदस्य की भूमिका पहले से तय रहती थी. कोई टारगेट से संपर्क करता था, कोई दोस्ती और बिजनेस रिलेशन बनाता था, तो बाकी सदस्य फोटो एडिट करने और ब्लैकमेलिंग की जिम्मेदारी संभालते थे.

इस केस में अब तक श्वेता जैन, अलका दीक्षित, रेशू चौधरी, लाखन चौधरी, जितेंद्र पुरोहित, जयदीप दीक्षित और विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. मामले में अब जांच का फोकस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों पर है. आरोपियों के मोबाइल और डिजिटल डिवाइस पहले ही फोरेंसिक साइंस लैब भेजे जा चुके हैं. यहां से डिलीट डेटा, सीक्रेट चैट, ऑडियो वीडियो और फोटो रिकवर किए जा रहे हैं. पुलिस को अंदेशा है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई बड़े और रसूखदार चेहरों के नाम सामने आ सकते हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि किन किन लोगों को इस गैंग ने अपना शिकार बनाया.क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि भोपाल से मिले सबूत इस केस में अहम कड़ी साबित होंगे. डिजिटल सामग्री की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है. जांच में कई नए नाम और तथ्य सामने आने की संभावना है.

Next Post

तिलस्वा घाट पर बेकाबू पिकअप खाई में गिरी, तीन मजदूरों की मौत

Wed May 27 , 2026
नीमच: जिले के सिंगोली क्षेत्र के तिलस्वा घाट पर देर रात एक पिकअप गहरी खाई में गिई। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। पिछले दो दिनों में इसी घाट पर यह दूसरा बड़ा हादसा है। रविवार को […]

You May Like