जबलपुर: कृषि उपज मंडी परिसर में इस रविवार को भी जैविक हाट का सफल आयोजन किया गया। जैविक हाट में उपभोक्ताओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। यह लोगों में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता और जैविक उत्पादों की मांग को दर्शाता है। रविवार को लगाये गये जैविक हाट में भी बड़ी संख्या में पहुँचे उपभोक्ताओं ने न केवल जैविक उत्पादों की खरीदारी की, बल्कि जैविक खेती के तरीकों और उसके लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जैविक हाट में किसानों को भी जैविक प्रमाणन, विपणन एवं पैकेजिंग से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया गया, ताकि वे अपने उत्पादों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकें। कृषि उपज मंडी परिसर में लगाये जा रहे जैविक हाट की सफलता को देखते हुये अब जिला प्रशासन द्वारा रेल सौरभ कॉलोनी कांचघर स्थित महाकौशल हाट बाजार में भी प्रत्येक गुरुवार को जैविक हाट के आयोजन का निर्णय लिया गया है। इसकी शुरुआत इसी गुरुवार से होगी।
ज्ञात हो कि जैविक खेती को बढ़ावा देने, किसानों को उचित बाजार उपलब्ध कराने तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं रसायन-मुक्त उत्पाद सुलभ कराने के उद्देश्य से लगाये जा रहे जैविक हाट में जिले के विभिन्न विकासखंडों से जुड़े जैविक किसान अपने उत्पाद जैसे ताजी सब्जियां, फल, दालें, अनाज, मसाले एवं अन्य घरेलू उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा रहे हैं। कृषि उपज मंडी परिसर में लगाये गये जैविक हाट में संयुक्त संचालक कृषि के एस नेताम, उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शहपुरा एस के परतेती भी मौजूद थे।
