अम्बिकापुर, 17 अक्टूबर (वार्ता) दीपावली त्योहार के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया है। इसके तहत मिठाई, खोवा और दूध जैसे उत्पादों की गुणवत्ता की जाँच की जा रही है और मिलावटखोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
राज्य के नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में विशेष चलित खाद्य प्रयोगशाला वैन के माध्यम से मौके पर ही नमूनों की जाँच की जा रही है। अब तक अम्बिकापुर क्षेत्र की दुकानों व फेरी वालों से खोवा, जलेबी, खाखरा और दूध के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जाँच में मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे मिठाई व दूध खरीदते समय गुणवत्ता व पैकेजिंग का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध उत्पाद की सूचना तत्काल विभाग को दें।
