
रीवा।रीवा में हत्या के एक आरोपी का हथकड़ी लगाए हुए पुलिस कस्टडी में रील बनाने का मामला सामने आया है. इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. यह वीडियो रीवा के संजय गांधी अस्पताल का है जहां उसे चेकअप के लिए लाया गया था. उसी दौरान आरोपी के एक हाथ में हथकड़ी तो दूसरे हाथ में मोबाइल था. उसे साथ ले जाती पुलिस बेबस नजर आई, और उसे रोकने का प्रयास करती नहीं दिखी. वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं.
आरोपी वैभव ठाकुर है जिसने मार्च 2018 में रीवा के टीआरएस कॉलेज के अंदर एक छात्र नितिन सिंह गहरवार की गोली मारकर हत्या कर दी थी. वैभव और उसके दोस्त एक छात्र के साथ मारपीट कर रहे थे उसी दौरान कालेज का ही छात्र नितिन वहां पहुंचकर बीच बचाव करने लगा जिसके बाद वैभव सिंह ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना से शहर ही नहीं बल्कि पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी. बताया जा रहा है कि यह वीडियो 2 दिन पहले का है, जब मेडिकल चेकअप और इलाज के लिए आरोपी को संजय गांधी अस्पताल लेकर आया गया था. लेकिन इस दौरान पुलिस की तरफ से अपराधी को फुल वीआईपी ट्रीटमेंट दिया गया और वो बेखौफ गैंगस्टरों की तरह रील बना रहा था. वीडियो वायरल होने के बाद अब इस पूरे मामले को पुलिस ने संज्ञान में लिया है और पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने जांच के निर्देश दिए है. पुलिस ने यह माना है कि इसमें जो पुलिस कर्मी थे उनकी भी भूमिका संदिग्ध लग रही है. उन्हें नोटिस देकर जवाब मांगा गया है उसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी.
