जबलपुर: संभागायुक्त धनंजय सिंह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टरों के साथ शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने “जल गंगा संवर्धन अभियान” की प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व और सामान्य प्रशासन से जुड़े लंबित मामलों, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति और विभागीय जांचों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण करने पर जोर दिया। मनरेगा के तहत लेबर बजट और अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। संभागायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग नियमित मॉनिटरिंग के साथ ठोस कार्ययोजना बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
आवास निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत और पूर्ण आवासों की जिलेवार समीक्षा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के तहत आवास निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जल जीवन मिशन की योजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। कृषि वर्ष 2026 की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए पर ड्रॉप मोर क्रॉप, सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन, कामधेनु योजना और मत्स्य पालन में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया गया। नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 और अमृत 2.0 के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
