जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत आने वाले शोभापुर और सतपुला के बीच आज रेलवे ट्रैक पार करते समय एक अज्ञात बुजुर्ग महिला ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार आज रेलवे ट्रैक की निगरानी कर रहे ट्रैकमैन आशीष सिंह ने थाना रांझी में सूचना दी कि शोभापुर और सतपुला के मध्य एक महिला का शव ट्रैक पर पड़ा है। सूचना मिलते ही रांझी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। शुरुआती जांच में यह पाया गया कि महिला किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गई थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतिका लगभग 65 वर्ष की प्रतीत हो रही है। मौके पर मौजूद लोगों और आसपास के रहवासियों से पूछताछ की गई, लेकिन अब तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया है। पुलिस द्वारा आसपास के थानों में महिला का हुलिया और फोटो भेजकर शिनाख्तगी के प्रयास कर रही हैं।
