तेहरान, 11 नवंबर (वार्ता) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने बुधवार को कहा कि अमेरिका और इजरायल उनके देश के खिलाफ युद्ध करने के फैसले की राजनीतिक कीमत चुका रहे हैं।
श्री पेजेश्कियान ने तुर्की में आयोजित सीओपी31 में भाग लेने के लिए तेहरान से रवाना होने से पहले कहा कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष में युद्ध अपराधों को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका, इजरायल और यूरोप के हालिया चुनावी नतीजे ‘जंगबाज़ों और हिंसक लोगों’ के खिलाफ जनता के बढ़ते आक्रोश को प्रदर्शित करती है।
श्री पेजेश्कियान ने कहा कि सीओपी31 अमेरिकी और इजरायली सैन्य अभियान से पर्यावरण को हुए नुकसान को उजागर करने का अच्छा मौका है। वह अंतरराष्ट्रीय नेताओं और अधिकारियों के साथ अपनी बैठकों के दौरान यह मुद्दा उठाने का इरादा रखते हैं। उनका कहना था कि अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई उनके लोकतंत्र और मानवाधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता के दावों के विपरीत है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन से इतर उनकी 10 से अधिक देशों के नेताओं और अधिकारियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन भी शामिल हैं।
ईरान और तुर्की के बीच संबंधों को अनुकूल बताते हुए श्री पेजेश्कियान ने कहा कि दोनों देशों के क्षेत्रीय, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक हित साझा हैं, जो द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी यह यात्रा अंतरराष्ट्रीय समुदाय तक ईरानी जनता का संदेश पहुंचाएगी और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
श्री पेजेश्कियान की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका ने संकेत दिया है कि फिलहाल उसे ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान को बड़े स्तर पर बढ़ाने की जरूरत नहीं दिखती। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मंगलवार को पेरिस में जी-7 की बैठक के दौरान कहा कि ईरान में ‘बड़े सैन्य अभियान की जरूरत नहीं है।’ उन्होंने साथ ही दावा किया कि ईरान पर अमेरिका का आर्थिक दबाव अभियान प्रभावी ढंग से काम कर रहा है।
श्री ट्रंप ने रविवार को प्रसारित सीबीएस के कार्यक्रम ’60 मिनट्स’ को दिए साक्षात्कार में कहा था कि फिलहाल उन्हें संघर्ष बढ़ाने का कोई कारण नहीं दिखता। हालांकि, उन्होंने युद्ध शुरू करने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि आर्थिक प्रभाव के बावजूद यह ऐतिहासिक रूप से सही फैसला था।

