
सिंगरौली। जियावान थाना क्षेत्र अंतर्गत देवसर बाजार में आज दिन सोमवार की शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने एक अधेड़ व्यक्ति को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान वैद्य शुक्ला उम्र 50 वर्ष निवासी खड़ौरा के रूप में हुई है। वह आज शाम पैदल बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवा की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जियावन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को समझाइस दी और जाम खुलवाया। इसके बाद हाईवा वाहन को जप्त कर थाने में खड़ा करा दिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बताया जा रहा है कि मृतक वैद्य शुक्ला कांग्रेस नेता रमाशंकर शुक्ल के छोटे भाई थे।
