
भोपाल। केंद्रीय संस्कृत विद्यालय भोपाल के सभागृह में ज्योतिष विचार मंच द्वारा राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन का आयोजन किया गया। रजत जयंती वर्ष में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आए ज्योतिषाचार्य और विद्वान बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक हंसराज झा ने दीप प्रज्वलन से किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने ज्योतिष शास्त्र को भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण अंग बताया। सम्मेलन में विभिन्न प्रांतों से आए विद्वानों ने ज्योतिष से जुड़े शोध विषयों पर अपने विचार रखे, जिसे श्रोताओं ने गंभीरता से सुना। आयोजन स्वर्गीय एम एस श्रीवास्तव की स्मृति को समर्पित रहा। कार्यक्रम में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। सम्मेलन के दौरान प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य नितिन कश्यप और गजेंद्र सरकार ने विशेष कार्यशाला का संचालन किया, जिसमें व्यावहारिक पक्षों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर पूनम श्रीवास्तव को ज्योतिष भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष राजेश सोनी और सचिव भावेश श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। सम्मेलन का वातावरण ज्ञान, संवाद और शोध से भरा रहा। उपस्थित प्रतिभागियों ने इसे ज्योतिष अध्ययन के लिए उपयोगी और प्रेरक आयोजन बताया।
