
सीधी। गोवर्धन पूजा का निमंत्रण नहीं मिलने से नाराज परिवार ने पड़ोसी युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। युवक के सिर में फंसी कुल्हाड़ी करीब 4 घंटे बाद निकाली जा सकी। बुधवार दोपहर को उसकी मौत हो गई। घटना रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी खड्डी अंतर्गत ग्राम खड्डी की मंगलवार रात की है। पुलिस के मुताबिक खड्डी गांव का रहने वाला सूरज मिश्रा 27 वर्ष अपनी बहन स्वाति मिश्रा के घर गोवर्धन पूजा में शामिल होने गया था। पूजा ने पड़ोसी यशोदा यादव, उसके पति सुखलाल यादव और बेटे मोले यादव को नहीं बुलाया था। रात करीब 9:30 बजे पूजा खत्म हुई। इसके बाद यशोदा यादव एवं उसके परिवार ने मिश्रा परिवार के घर के बाहर पत्थरबाजी शुरू कर दी। यादव परिवार को ऐसा करने से मना किया तो उन्होंने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से मिश्रा परिवार पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का वार सूरज के सिर पर लगा। कुल्हाड़ी सिर में फंस गई। डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और सूरज को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर सूरज को रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसके सिर से कुल्हाड़ी निकाली। लेकिन बुधवार दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों यशोदा यादव, सुखलाल यादव और उनके बेटे मोले यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
