जिनेवा, 06 मई (वार्ता) विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस घेब्रेयेसस ने कहा है कि हंता वायरस के तीन संदिग्ध मरीजों को बुधवार को क्रूज जहाज से सफलतापूर्वक निकाल कर बेहतर चिकित्सा देखभाल के लिए नीदरलैंड भेजा गया है। श्री घेब्रेयेसस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि यह बचाव अभियान डब्ल्यूएचओ, जहाज के संचालकों और केप वर्डे, ब्रिटेन, स्पेन तथा नीदरलैंड के राष्ट्रीय अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय से संचालित किया गया। डब्ल्यूएचओ जहाज पर मौजूद अन्य यात्रियों और चालक दल के स्वास्थ्य की बारीकी से निगरानी करने के लिए संचालकों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
महानिदेशक ने बताया कि संगठन ने उन यात्रियों के लिए भी निगरानी और फॉलो-अप प्रक्रिया शुरू कर दी है जो पहले ही जहाज से उतर चुके हैं। इसके लिए संबंधित देशों के राष्ट्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों की मदद ली जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। श्री घेब्रेयेसस ने इस महत्वपूर्ण बचाव अभियान में शामिल सभी देशों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने दोहराया कि इस चरण में वैश्विक स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए समग्र जोखिम अभी भी कम बना हुआ है। इस बीच, अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (अफ्रीका सीडीसी) ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह क्रूज ‘एमवी होंडियस’ पर पहचाने गए हंतावायरस संक्रमण के मामलों की बारीकी से निगरानी कर रहा है। सीडीसी ने कहा है कि आम जनता के लिए जोखिम कम बना हुआ है, फिर भी सदस्य देशों को बंदरगाह स्वास्थ्य सेवाओं और संक्रमण नियंत्रण उपायों को मजबूत करने की सलाह दी गई है।

