
जबलपुर। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ा इंतजाम किया है। पुणे–गोरखपुर और मुंबई सीएसएमटी–गोरखपुर के बीच दो जोड़ी दैनिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। खास बात यह है कि दोनों ट्रेनें पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी और भोपाल होकर गुजरेंगी, जिससे महाराष्ट्र से पूर्वी उत्तर प्रदेश आने-जाने वाले यात्रियों के साथ इन दोनों शहरों के यात्रियों को भी अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। गाड़ी 01415/01416 पुणे–गोरखपुर–पुणे 9 अक्टूबर से 21 नवंबर तक पुणे और 10 अक्टूबर से 22 नवंबर तक गोरखपुर से चलेगी। इसके 44 फेरे होंगे। पुणे से सुबह 6.50 बजे रवाना होकर ट्रेन रात 9.10 बजे इटारसी और 11.15 बजे भोपाल पहुंचेगी तथा अगले दिन शाम 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गोरखपुर से शाम 5.30 बजे चलकर भोपाल सुबह 10.05 बजे, इटारसी दोपहर 12.10 बजे और पुणे अगले दिन सुबह 3.30 बजे पहुंचेगी। इसमें 6 स्लीपर, 6 सामान्य, 4 तृतीय वातानुकूलित और 2 एसएलआरडी सहित 18 डिब्बे होंगे।
22 नवंबर तक चलेगी
वहीं 01079/01080 मुंबई सीएसएमटी–गोरखपुर–मुंबई सीएसएमटी विशेष ट्रेन मुंबई से 9 अक्टूबर से 20 नवंबर और गोरखपुर से 11 अक्टूबर से 22 नवंबर तक चलेगी। इसके 43 फेरे निर्धारित किए गए हैं। मुंबई से रात 10.30 बजे रवाना होकर ट्रेन अगले दिन दोपहर 1.05 बजे इटारसी, 3.55 बजे भोपाल और उसके अगले दिन सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गोरखपुर से दोपहर 2.30 बजे चलकर भोपाल सुबह 6.30 बजे, इटारसी 8.40 बजे और मुंबई सीएसएमटी अगले दिन रात 12.40 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में 12 स्लीपर, 6 सामान्य, 4 तृतीय वातानुकूलित और 2 एसएलआर समेत 24 आईसीएफ कोच रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले रेलवन, हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस पर समय और परिचालन की ताजा स्थिति जांचने की अपील की है।
