ढाका, 06 मई (वार्ता) बंगलादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद उन्हें बंगलादेश में लोगों के ‘पुशबैक’ (वापस धकेले जाने) की संभावना नहीं दिखती है। राजधानी के उस्मानी मेमोरियल ऑडिटोरियम में आयोजित जिलाधिकारियों के सम्मेलन के एक सत्र के बाद पत्रकारों से बातचीत में गृह मंत्री ने कहा, “इसके बावजूद, हमने बॉर्डर गार्ड बंगलादेश (बीजीबी) को सीमाओं पर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।” उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।
इस बीच बंगलादेश के स्थानीय ग्रामीण विकास एवं सहकारिता मंत्री मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने कहा कि वर्तमान सरकार पड़ोसी देशों के साथ स्थिर संबंध बनाए रखना चाहती है और लंबे समय से लंबित रोहिंग्या संकट को हल करने के लिए काम करेगी।उन्होंने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और दाता एजेंसियों के साथ विचार-विमर्श के बाद कहा कि सरकार ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों को दूर करने के लिए भी काम कर रही है और अगले तीन महीनों के भीतर गैस निकासी के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
ढाका में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम ‘सी.ओ.एम.पी.ए.एस.एस. डायलॉग’ को संबोधित करते हुए मिर्जा फखरुल ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास और नीतिगत सुधारों के कारण बांग्लादेश अब वैश्विक निवेश के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और सरकार देश की शांति, स्थिरता और संप्रभुता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के सलाहकार महदी अमीन और बिजली एवं ऊर्जा राज्य मंत्री अनिंद्य इस्लाम अमित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विदेशी राजनयिक उपस्थित थे।

